महिला यात्रियों की सुरक्षा पर जोर, बस स्टैंड पर CCTV लगाने और नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने की मांग

दुमका: दुमका में बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी के कार्यालय में बस एसोसिएशन के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित बसों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने टैक्स बकाया रखने वाले वाहन संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने वाहनों का लंबित टैक्स जल्द से जल्द जमा कर दें। उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि जिन वाहनों का टैक्स बकाया पाया जाएगा, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बसों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बस संचालकों को निर्देश दिया कि वे बसों में अनुशासन बनाए रखें और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न न होने दें।
बैठक में बस एसोसिएशन के सदस्यों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। सदस्यों ने बस स्टैंड के अंदर और आसपास CCTV कैमरा लगाने की मांग की। इसके अलावा बस स्टैंड के बगल वाली सड़क पर बिकने वाले मादक एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने इन मुद्दों पर वरीय अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। साथ ही सभी बस संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे सड़क पर यत्र-तत्र वाहनों की पार्किंग न करें और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस बैठक में मोटरयान निरीक्षक दुमका, बस एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव तथा कई बस स्वामी मौजूद रहे।




